कुछ दिनों पहले किसी एक दोस्त के वाट्सऐप ग्रुप पर एक विडियो आया था। मेरे दोस्त ने देखा और उसने कहा कि तुम देखो। जब मैंने देखा तो विडियो में एक लड़का और लड़की किस्स कर रहे थे। लड़की अपनी स्कूटी पर बैठी थी और लड़का खड़ा था।
दोनों प्यार में डूबे थे लेकिन उनको दोनों को क्या पता कि ये समाज कितना निर्दयी है। और उन दोनों की किस्स की विडियो कोई अपनी कार में बैठकर बना रहा था। विडियो को बनाने वाले हंस-हंस कर कुछ बात भी कर रहे थे। और उस विडियो को पूरे वाट्सऐप पर वायरल कर दिया गया। ये लखनऊ के एक प्रतिष्ठित कॉलेज के बाहर का विडियो था।
उस कॉलेज का नाम बताना सही नहीं लग रहा है इसलिये नाम नहीं लिख रहा हूं लेकिन जिस-जिस ने वो विडियो देखा होगा उसने नाम साफ़-साफ़ देखा होगा।
किस समाज का हिस्सा हैं हम अगर कोई सिर्फ किस्स कर रहा है या साथ में बैठा है तो हम उसका विडियो बनाकर वायरल कर देते हैं। ये तक नहीं सोचते कि क्या बीतेगी उन पर जो इस विडियो में हैं।
कल चाय की दुकान पर खड़ा था। दो लड़के उसी विडियो के बारे में आपस में बात कर रहे थे कि किस्स वाला जो विडियो जो आया था उसमें जो लड़का था उसे कॉलेज से निकाल दिया गया। और विडियो वायरल होने के कारण और कॉलेज से निकाले जाने के कारण उसने आत्महत्या कर ली।
मैंने उस लड़के से पूछा,'क्या तुम जानते हो उसे'
लड़के ने कहा नहीं कुछ लड़के जो उसके साथ पढ़ते थे वो बात कर रहे थे एक चाय की दुकान पर तो सुना था।
अब जो भी लेकिन ये कितना भयावह है। हो सकता है उसकी आत्महत्या सिर्फ अफवाह हो या फिर उसने कर भी ली हो। लेकिन कॉलेज से तो उसको ज़रूर निकाला गया होगा। क्योंकि हमारे यहां दोषी वो नहीं माना जाता जो विडियो बना रहा था बल्कि वो माना जाता है जो किस्स कर रहा था।
यहां विडियो डालना भी उचित नहीं लग रहा है इस कारण से उस विडियो को भी नहीं डाल रहा हूं लेकिन सबसे एक अपील है उस विडियो को या इस तरह के किसी विडियो को वायरल न करें और जो विडियो भेजे उसे भी मना करें। आपके विडियो वायरल करने से किसी की जान भी जा सकती है।